सूरजपुर में जमीन विवाद में युवक का अपहरण कर ली जान
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन विवाद की पुरानी रंजिश में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी. गोंदा गांव के रहने वाले 36 वर्षीय हरिनंदन राजवाड़े की कुछ दबंगों ने उस वक्त किडनैपिंग कर ली, जब वह अपने घर पर दो दोस्तों के साथ मौजूद था.
आरोपियों ने युवक को वाहन में जबरन बिठाकर ले जाने के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए.
परिजनों को पीड़ित भैंसामुड़ा स्थित केवरा चौक के पास गंभीर हालत में मिला. आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
प्रतापपुर थाना पुलिस ने इस मामले में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है.
मृतक के भाई बम भोला राजवाड़े के अनुसार, गांव के ही ललित राजवाड़े के साथ हरिनंदन का काफी समय से जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था. करीब 15 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी.
इसी रंजिश के चलते ललित ने अपने साथियों चिंटू, चंदन और 10-12 अन्य युवकों के साथ मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया.
गुरुवार शाम जब हरिनंदन अंबिकापुर से आए अपने दोस्तों तुषार और राहुल के साथ घर पर पार्टी कर रहा था, तभी आरोपियों ने अचानक धावा बोल दिया और गाली-गलौज करते हुए उसे उठाकर ले गए. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में खौफ का माहौल बना हुआ है.