रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

H

Hupendra Sharma

21 अग. 2025, 07:39 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

बारिश
बारिश

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में कुछ दिन पहले तक रूठा मानसून इन दिनों मेहरबान है. राज्य के लगभग सभी जिलों में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है. कुछ जिलों में तो मूसलाधार बारिश हुई है. दिन और रात में हो रही बारिश के चलते मौसम में ठंडक भी आ रही है. 


मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 14 जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने, बादल गरजने के साथ तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की है.

विज्ञापन


रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, बलरामपुर, रामानुजगंज, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर समेत कुछ जिलों में बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है. 


साथ ही उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी. वहीं दक्षिणी इलाकों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है.


पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई है. वहीं रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभागों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई है.


इस दौरान दुर्गकोंदल और भानुप्रतापपुर में 8 सेमी, गोबरा नवापारा और गुंडरदेही में 7 सेमी, चांपा, अर्जुन्दा, पाटन, कांकेर, अभनपुर में 6 सेमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा कई जगहों पर 4 सेमी से कम वर्षा भी दर्ज की गई.


मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्यप्रदेश में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर हो गया है. लेकिन इसके प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का दौर प्रदेशभर में जारी रहेगा. हालांकि तेज और लगातार बारिश होने की संभावना कम है.

अब तक 773.4 मिमी बारिश

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 773.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज कि गई है. जिसमें बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 1147.2 मिमी. पानी गिरा है. वहीं बेमेतरा जिले में सबसे कम 394.9 मिमी. बारिश हुई है. 


इसी तरह रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 686.8 मिमी., बलौदाबाजार में 590.0 मिमी., गरियाबंद में 680.1 मिमी., महासमुंद में 603.4 मिमी. और धमतरी में 697.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है.


बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 759.5 मिमी., मुंगेली में 768.9 मिमी., रायगढ़ में 875.6 मिमी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 644.0 मिमी., जांजगीर-चांपा में 948.2 मिमी., सक्ती में 799.8 मिमी., कोरबा में 773.7 मिमी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 722.2 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई है.


दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 644.6 मिमी., कबीरधाम में 562.2 मिमी., राजनांदगांव में 714.0 मिमी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 993.8 मिमी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 566.7 मिमी. और बालोद में 833.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज हुई है.


सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 541.7 मिमी., सूरजपुर में 878.3 मिमी., जशपुर में 786.2 मिमी., कोरिया में 859.7 मिमी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 764.9 मिमी. पानी गिरा है.


बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 1017.6 मिमी., कोंडागांव में 719.0 मिमी., कांकेर में 924.1 मिमी., नारायणपुर में 931.1 मिमी., दंतेवाड़ा में 933.2 मिमी., सुकमा में 746.5 मिमी. और बीजापुर में 1011.8 मिमी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP