कांग्रेस किसके साथ, किसान या आरोपी MLA के साथ- पूर्व नेता प्रतिपक्ष
जांजगीर-चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ में जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए बड़ा सवाल उठाया है.
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विधायक पर एक किसान के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये निकालने का गंभीर आरोप है. पुलिस जांच के बाद अदालत ने मामले को सही मानते हुए उन्हें जेल भेज दिया.
चंदेल ने कांग्रेस के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह कहना पूरी तरह गलत है कि गिरफ्तारी में भाजपा सरकार की कोई भूमिका है. यह न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है और अदालत के निर्देश पर ही कार्रवाई हुई.
उन्होंने कांग्रेस के बड़े नेताओं जैसे भूपेश बघेल, चरणदास महंत और अन्य से सीधा सवाल किया कि जब किसान के साथ इतना बड़ा अन्याय हुआ है, तो वे पीड़ित किसान के पक्ष में खड़े हैं या आरोपी विधायक के साथ?
चंदेल ने आगे कहा कि कांग्रेस नेता खुद को किसान हितैषी बताते हैं और किसान पुत्र होने का दावा करते हैं. ऐसे में उन्हें तुरंत स्पष्ट करना चाहिए कि वे किसान के हक में हैं या अपराध में लिप्त व्यक्ति का समर्थन कर रहे हैं.
इसके अलावा, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत पर निशाना साधते हुए चंदेल ने कहा कि वे एक जिम्मेदार पद पर हैं. जेल में बंद विधायक से मिलने जाना अलग बात है, लेकिन जेल नियमों का पालन जरूरी है. वहां सीमित लोगों को ही मुलाकात की अनुमति मिलती है, जुलूस लेकर जाना उचित नहीं.
बता दें कि बालेश्वर साहू पर आरोप है कि बैंक में कार्यरत रहते उन्होंने एक किसान को लोन दिलाने के बहाने ब्लैंक चेक लेकर फर्जी हस्ताक्षर से करीब 42 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली.
मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया. इस घटना ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है.