चिली में जंगल की भीषण आग:19 की मौत, 50 हजार विस्थापित
नई दिल्ली । डेस्क: दक्षिण अमेरिकी देश चिली के दक्षिणी हिस्से में भीषण जंगल की आग ने भयावह रूप ले लिया है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, देश में कम से कम 24 वन क्षेत्र तेज़ी से फैलती आग की चपेट में हैं.
चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने बताया कि अब तक कम से कम 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 हजार से अधिक लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है. उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित इलाकों में रात का कर्फ्यू लगाया गया है और बायोबियो तथा नुब्ले क्षेत्रों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है.
चिली के गृह मंत्री अल्वारो एलिसाल्दे ने बताया कि अत्यधिक तापमान के कारण आग पर काबू पाना बेहद कठिन हो गया है. उनके अनुसार, बायोबियो और नुब्ले क्षेत्रों में अब तक लगभग 85 वर्ग किलोमीटर इलाका जलकर राख हो चुका है.
गौरतलब है कि चिली पहले भी इस तरह की प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर चुका है. फरवरी 2024 में दक्षिण और मध्य चिली में लगी भीषण जंगल की आग में 130 से अधिक लोगों की जान चली गई थी.