सत्ता में रहें या न रहें, DMK हमेशा मुस्लिमों के लिए खड़ी रहेगी: स्टालिन
चेन्नई । डेस्क: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके (DMK) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने रविवार को अल्पसंख्यक समुदाय के प्रति अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि डीएमके हमेशा मुस्लिमों के अधिकारों की रक्षा करेगी, चाहे वह सत्ता में हो या नहीं.
पार्टी की अल्पसंख्यक विंग द्वारा आयोजित एक इफ्तार पार्टी को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि उनकी सरकार ने विधानसभा में अल्पसंख्यकों के समर्थन में प्रस्ताव पारित किए हैं और उनके हक के लिए अदालतों में कानूनी लड़ाइयां लड़ी हैं.
उन्होंने जोर देकर कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय ने भी हमेशा अटूट विश्वास के साथ डीएमके का समर्थन किया है.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने एआईएडीएमके (AIADMK) महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी पर तीखा हमला बोला.
स्टालिन ने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी जैसे नेता इफ्तार दावतों में शामिल होकर फोटो खिंचवाने का शौक तो रखते हैं, लेकिन जब भाजपा सरकार के तहत मुस्लिमों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है, तो वे मूकदर्शक बने रहते हैं.
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पलानीस्वामी ने कभी देश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों के खिलाफ आवाज उठाई है?
स्टालिन ने तंज कसते हुए कहा कि यह बेहद दुखद है कि पलानीस्वामी ने अपनी अंतरात्मा और पूरी पार्टी को भाजपा के पास गिरवी रख दिया है, ऐसे में वे भाजपा के साथ हाथ मिलाकर अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा कैसे कर सकते हैं.