छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, सुबह से झमाझम बारिश
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश हो रही है. वहीं मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तेज बारिश के हालात बने रहने की संभावना जताई है. इस दौरान मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के कई जिलों में बारिश के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है. महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
इस दौरान यहां मेघगर्जना, आकाशीय बिजली और अचानक तेज हवा चलने की संभावना है. वहीं, सरगुजा, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और रायपुर सहित 19 जिलों में मध्यम से भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
बंगाल की खाड़ी में बने बारिश के सिस्टम का असर प्रदेश में दिखने लगा है. राजधानी रायपुर में देर रात से बूंदाबांदी जारी है. सुबह होते ही मौसम ने करवट बदला और तेज बारिश शुरू हो गई, जो दोपहर तक रुक-रुक कर जारी है.
पिछले काफी दिनों से तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे. लेकिन आज सुबह से हो रही बारिश के कारण लोगों ने गर्मी और उमस से राहत महसूस की है. तेज बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया है.
इधर रायगढ़ में लगातार बारिश के बाद केलो डैम के 3 गेट खोल दिए गए हैं, जिससे केलो नदी का जलस्तर बढ़ गया है.
वहीं सारंगढ़ में तेज बारिश से बरमकेला का विक्रम नाला उफान पर है. नाले के ऊपर करीब 2-3 फीट ऊपर पानी बह रहा है.
नाले में आज सुबह एक कार बह गई. हालांकि कार सवार तीन लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई. तीनों बरमकेला से ओडिशा जा रहे थे.
इधर राजिम नवापारा क्षेत्र से लगे पारागांव में आकाशीय बिजली गिरने से 27 बकरे-बकरियों की मौत हो गई. सभी मवेशी महानदी किनारे चर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. वहीं गाज की चपेट में आने से सात बकरियां घायल भी हुई हैं.
26 तक बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है.
इस वजह से छत्तीसगढ़ में समुद्र की ओर से ठंडी हवा आएगी और एक नया सिस्टम बनेगा.
इस सिस्टम के प्रभाव से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जोरदार बारिश होने की संभावना है.
इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में 26 सितंबर तक रहने का पूर्वानुमान है.