मौसम बदला, तापमान में गिरावट
छत्तीसगढ़ में मौसम बदला, तापमान में गिरावट
रायपुर | संवाददताः छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम में बदलाव का दौर जारी है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला बना हुआ है.
पिछले सप्ताह तापमान में अचानक बढ़ोतरी हुई और एकाएक गर्मी बढ़ गई. इससे अहसास होने लगा था कि प्रदेश से ठंड की विदाई होने वाली है.
लेकिन मौसम ने एक बार फिर करवट ली और हल्की ठंड की वापसी हो गई.
उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं से सरगुजा सहित उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ गई है.
पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 7.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है.
अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है.
उत्तर भारत से ठंडी हवा का आना लगभग बंद हो गया था जिसके चलते पिछले सप्ताह भर अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी.
इससे ऐसी गर्मी बढ़ी कि लोगों ने शरीर से गर्म कपड़े गायब ही हो गए थे. घरों में एसी और पंखे चालू हो गए थे.
सुबह से ही सूर्य की गर्मी तेज हो गई थी. दोपहर आते तक तो धूप चुभने लगी थी.
लेकिन गुरुवार से अधिकतम तापमान में गिरावट आने से एक बार फिर मौसम ने करवट ली.
दिन और रात दोनों समय ठंड बढ़ गई. जिससे लोगों को फिर से गर्म पकड़े निकालने पड़े हैं.
10 फरवरी से चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक नमी खत्म होने और ठंडी शुष्क हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है.
आगामी 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में और गिरावट का अनुमान है. उसके बाद 10 फरवरी से फिर से पारा चढ़ेगा.
अधिकतम तापमान भी 2 से 4 डिग्री बढ़ सकता है.
बीते 24 घंटे में प्रदेश में दंतेवाड़ा सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 34.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
वहीं सबसे ठंडा बलरामपुर रहा. यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया है.
इसी तरह अंबिकापुर में अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री रहा.
बिलासपुर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री, जगदलपुर में 33 और 16 डिग्री, राजनांदगांव 33 और 16 डिग्री और दुर्ग में अधिकतम तापमीन 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया है.