गलत AI रिपोर्ट से चीन-अमेरिका के बीच युद्ध होते-होते बचा
नई दिल्ली । डेस्क: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की एक बड़ी और गंभीर चूक के कारण हाल ही में दो महाशक्तियों अमेरिका और चीन के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनते-बनते रह गई. यह चौंकाने वाला खुलासा अमेरिकी समाचार चैनल सीएनएन (CNN) की एक विशेष रिपोर्ट से सामने आया है.
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना इस साल की शुरुआत में मध्य पूर्व (वेस्ट एशिया) के समुद्री क्षेत्र में हुई. अमेरिका की एक खुफिया विश्लेषण टीम ने AI आधारित चैटबॉट का उपयोग करके एक चीनी जहाज में ले जाए जा रहे सामान की स्कैनिंग और मूल्यांकन किया था. एआई सिस्टम ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि उक्त चीनी जहाज में परमाणु हथियार से जुड़े उपकरण ले जाए जा रहे हैं.
इस एआई रिपोर्ट के आधार पर अमेरिकी सेना तुरंत एक्शन में आ गई और उसने चीनी जहाज को रोकने तथा उस पर छापेमारी करने की पूरी तैयारी कर ली थी.
हालांकि, ऐन वक्त पर जब वरिष्ठ अधिकारियों ने खुफिया जानकारी की पुनर्जांच की, तो पाया गया कि एआई चैटबॉट ने जहाज के सामान को पूरी तरह से गलत पहचाना था और उस पर परमाणु सामग्री होने की बात 'सरासर झूठी' थी.
सच्चाई सामने आते ही अमेरिकी सेना ने अपनी कार्रवाई को तुरंत रद्द कर दिया. रिपोर्ट में शामिल सूत्रों के मुताबिक, अगर समय रहते एआई की इस बड़ी गलती को न पकड़ा जाता, तो दोनों देशों के बीच एक भयंकर सैन्य टकराव या युद्ध छिड़ सकता था.
यह घटना दुनिया भर में एआई की विश्वसनीयता और सैन्य या खुफिया फैसलों में इसके इस्तेमाल को लेकर एक बड़ा चेतावनी संकेत बनी हुई है.