इनामी महिला नक्सली लक्ष्मी का आंध्र पुलिस के सामने सरेंडर
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय पांच लाख रुपये की इनामी नक्सली पोडियम लक्ष्मी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है. प्रतिबंधित संगठन डीकेएसजेडसी की इस सक्रिय सदस्य ने आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीताराम राजू जिले में सुरक्षा बलों के समक्ष हथियार डाले.
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की मूल निवासी लक्ष्मी लंबे समय से दोनों राज्यों के सीमाई इलाकों में नक्सली गतिविधियों को अंजाम दे रही थी, जिसके चलते उसके ऊपर भारी भरकम इनाम घोषित किया गया था.
पुलिस प्रशासन ने इसे नक्सली नेटवर्क के लिए एक बड़ी क्षति बताया है. सरेंडर के दौरान अधिकारियों ने शासन की पुनर्वास नीति के तहत लक्ष्मी को वित्तीय सहायता प्रदान की ताकि वह एक सामान्य और गरिमापूर्ण जीवन की नई शुरुआत कर सके.
अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्मी जैसे वरिष्ठ कैडर के आत्मसमर्पण से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय अन्य नक्सलियों पर भी मुख्यधारा में लौटने का दबाव बढ़ेगा.