वोटर आईडी विवाद: ट्रंप का नया एग्जीक्यूटिव ऑर्डर लाने का ऐलान
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिका में मध्यावधि चुनावों से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनावी प्रक्रिया में कड़े बदलाव के संकेत देकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वह जल्द ही एक नया कार्यकारी आदेश (एग्जीक्यूटिव ऑर्डर) जारी करेंगे, जो चुनाव आयोजकों को मतदान से पहले मतदाताओं की पहचान अनिवार्य करने के लिए मजबूर करेगा.
कांग्रेस में इस मुद्दे पर अपेक्षित प्रगति न होने से नाराज ट्रंप ने इसे 'स्कैम' करार देते हुए कहा कि रिपब्लिकन पार्टी को इसे आगामी चुनावों में मुख्य मुद्दा बनाना चाहिए.
ट्रंप का यह बयान हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में 'सेफगार्ड अमेरिकन वोटर एलिजिबिलिटी' (SAVE) एक्ट पारित होने के ठीक दो बाद आया है.
हालांकि, सीनेट में बहुमत की कमी और 'फिलिबस्टर' जैसे विधायी नियमों के कारण इस बिल के कानून बनने की संभावना बेहद कम है.
ट्रंप ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए डेमोक्रेट्स को 'धोखेबाज' और 'भ्रष्ट' बताया है.
प्यू रिसर्च सेंटर के 2025 के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में करीब 95 प्रतिशत रिपब्लिकन और 71 प्रतिशत डेमोक्रेट समर्थक वोटर आईडी का समर्थन करते हैं, लेकिन विपक्षी नेताओं का तर्क है कि यह नियम निम्न आय वर्ग और हाशिए पर रहने वाले समुदायों को मतदान से वंचित कर सकता है.
संविधान के अनुसार चुनाव प्रबंधन राज्यों का अधिकार है, लेकिन ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह कुछ क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया का 'राष्ट्रीयकरण' करने के पक्ष में हैं.