शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

धर्मांतरण को लेकर तनाव, कब्र से शव निकालने चर्च में तोड़फोड़

H

Hupendra Sharma

28 जुल. 2025, 01:46 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

चर्च में तोड़फोड़
चर्च में तोड़फोड़

कांकेर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के जामगांव में धर्मांतरण को लेकर बवाल मचा हुआ है. यहां धर्मांतरित ग्रामीण की मौत के बाद बीते दो दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई है. ग्रामीणों ने शव को कब्र से बाहर निकालने की मांग करते हुए चर्च में घुसकर तोड़फोड़ की है.


आक्रोशित ग्रामीणों ने आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी दी है. जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है.


दरअसल, जामगांव निवासी सोमलाल राठौर की तबियत बिगड़ने से दो दिन पहले मौत हो गई थी. परिजनों ने ईसाई रीति रिवाज से उसका अंतिम संस्कार 27 जुलाई को अपनी निजी जमीन पर किया था.इसकी जानकारी लगते ही ग्रामीण इकट्ठा हो गए और इसका विरोध शुरू कर दिया.ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक के परिजनों ने गांव की रीति-रिवाज के विरुद्ध काम किया है.


मृतक के परिवार वाले आदिवासी समुदाय के थे, लेकिन धर्म परिवर्तन कर मसीह धर्म अपना लिया था. निधन के बाद परिजनों ने अपनी ज़मीन पर मृतक को दफना दिया.


इसी बात को लेकर पिछले दो दिनों से गांव में तनाव का माहौल है. शव दफनाने को लेकर आक्रोशित भीड़ ने सोमवार को दोपहर बाद चर्च में घुसकर तोड़फोड़ की है.


इस घटना के बाद से प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस प्रशासन द्वारा मामले को शांत कराया जा रहा है.


गोटियावाही के सरपंच राजेंद्र मरकाम का आरोप है कि शव को दफनाने से लोगों की भावनाएं आहत हुई है. प्रशासन को इसका समाधान निकालना चाहिए.


जामगांव की सरपंच भगवती उईके का कहना है कि मौजूदा स्थिति बेहद तनावपूर्ण है. हम प्रशासन से मांग करते हैं कि समय रहते शव को बाहर निकाला जाए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP