शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

यूपी: दलित किशोर को निर्वस्त्र कर पीटा, जूते पर थूककर चटवाया

C

CG Khabar

18 मई 2026, 02:38 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

दलित
दलित

लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर और चंदौली जिलों से जातिगत उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार के दो बेहद गंभीर मामले सामने आए हैं. कानपुर के पनकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले झाखरा सांभरपुर गांव में एक 16 वर्षीय दलित किशोर को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि उसने एक सार्वजनिक हैंडपंप के पास रखी पानी की बाल्टी को छू लिया था. 


पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबंगों ने किशोर को निर्वस्त्र कर करीब आधे घंटे तक प्रताड़ित किया, जिससे उसका हाथ टूट गया. जब किशोर के पिता उसे बचाने दौड़े, तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी, जिससे उनकी पसली में चोट आई है.


इतना ही नहीं, क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने पीड़ित किशोर से अपने जूतों पर थूका हुआ चाटने को मजबूर किया और जूतों में पानी भरकर पीने के लिए विवश किया. घटना के बाद डर के साए में जी रहे पीड़ित परिवार ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. 


पुलिस ने इस मामले में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


इसी बीच, सोशल मीडिया पर चंदौली जिले का भी एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में बंदूक की नोक पर एक युवक को जमीन पर थूका हुआ चाटने के लिए मजबूर करते देखा जा सकता है. पुलिस के मुताबिक यह घटना करीब नौ-दस महीने पुरानी है. 


इस मामले में भी पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है, हालांकि पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने इलाके में अपना खौफ पैदा करने के लिए जानबूझकर इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया था. ये घटनाएं राज्य में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP