शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ट्रंप के टैरिफ कमाई से जनता को मिलेगा $2000 का हिस्सा

C

CG Khabar

10 नव. 2025, 12:20 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकियों के लिए एक बड़ा आर्थिक ऐलान किया है. उन्होंने रविवार को घोषणा की कि उनका प्रशासन अमेरिकी नागरिकों को प्रति व्यक्ति कम से कम $2000 देगा.


हालांकि, यह राशि उच्च-आय वर्ग के अमेरिकी नागरिकों को नहीं दी जाएगी. यह वित्तीय सहायता केवल 'निर्दिष्ट नागरिकों' के बैंक खातों में पहुंचेगी.


यह बड़ी घोषणा ऐसे समय में आई है जब ट्रंप की नई टैरिफ (शुल्क) नीति को लेकर देश और विदेश दोनों जगह दबाव बढ़ता जा रहा है.


ट्रंप ने बताया कि यह $2000 की राशि (जो भारतीय मुद्रा में लगभग ₹1,77,295 है) अमेरिकी नागरिकों से वसूले गए शुल्क के लाभ में से दी जाएगी.


ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के बीच इस वित्तीय अनुदान को वितरित करने के लिए उन्हें अमेरिकी कांग्रेस की सहमति की आवश्यकता होगी.


विशेषज्ञों ने ट्रंप के इस कदम पर संदेह व्यक्त किया है, खासकर तब जब अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने स्वयं नई टैरिफ नीति की वैधता पर सवाल उठाया है. शीर्ष अदालत ने संदेह जताया है कि क्या इस नीति का कोई कानूनी आधार है.


सुप्रीम कोर्ट के संदेह के बावजूद, ट्रंप ने एक बार फिर अपनी टैरिफ नीति का ढोल पीटा है. उन्होंने 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा है:


"जो लोग टैरिफ के खिलाफ हैं, वे वास्तव में मूर्ख हैं. हम अब दुनिया के सबसे अमीर देश हैं. हर कोई हमारा सबसे ज्यादा सम्मान करता है. देश में मुद्रास्फीति लगभग शून्य है. स्टॉक मार्केट का मूल्य भी रिकॉर्ड बना रहा है. हम अरबों डॉलर ले रहे हैं, और जल्द ही इसका इस्तेमाल भारी कर्ज चुकाने के लिए करेंगे. अमेरिका में भारी निवेश हो रहा है. चारों ओर की विभिन्न फैक्ट्रियां बड़ा लाभ कमा रही हैं. लाभ से कम से कम $2000 प्रत्येक को दिए जाएंगे. अमेरिका में व्यापार को गति केवल टैरिफ लागू करने के कारण मिली है."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP