शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के अमेरिका ने दिया जून तक का समय

C

CG Khabar

07 फ़र. 2026, 06:39 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

जेलेंस्की
जेलेंस्की

कीव । डेस्क: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन ने रूस और यूक्रेन को युद्ध समाप्त करने के लिए जून की समयसीमा (डेडलाइन) तय की है. कीव में पत्रकारों से बात करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका इस गर्मी की शुरुआत तक युद्ध को हर हाल में खत्म करने के पक्ष में है और इसके लिए दोनों पक्षों पर दबाव बनाया जा सकता है. 


इसी कड़ी में अगले सप्ताह अमेरिका के मियामी में त्रिपक्षीय वार्ता का अगला दौर आयोजित करने का प्रस्ताव दिया गया है, जिसमें शामिल होने के लिए यूक्रेन ने अपनी सहमति दे दी है.


हालांकि, इस डेडलाइन के बीच जमीन पर तनाव कम होता नहीं दिख रहा है. जेलेंस्की ने शनिवार को बताया कि रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाते हुए रातों-रात 400 से अधिक ड्रोन और लगभग 40 मिसाइलें दागी हैं. 


उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वे रूस के इस दोहरे रवैये पर प्रतिक्रिया दें, जहाँ एक तरफ बातचीत की मेज सजाई जा रही है और दूसरी तरफ कड़ाके की ठंड में आम लोगों की बिजली और गर्मी छीनी जा रही है. 


हाल ही में अबू धाबी में हुई वार्ताओं के बावजूद डोनबास क्षेत्र को लेकर दोनों देशों के बीच गतिरोध बरकरार है, क्योंकि यूक्रेन अपनी संवैधानिक सीमाओं और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता करने को तैयार नहीं है. इस तनावपूर्ण माहौल के बीच राहत की एकमात्र खबर 157 युद्धबंदियों की अदला-बदली रही, जिसे अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने कूटनीतिक जीत बताया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP