शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

विधानसभा में फ्लाई ऐश डंपिंग पर हंगामा, कांग्रेस का वॉकआउट

C

CG Khabar

27 फ़र. 2026, 03:07 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

छत्तीसगढ़ विधानसभा
छत्तीसगढ़ विधानसभा

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधानसभा में शुक्रवार को रायगढ़ जिले में फ्लाई ऐश के कथित अवैध डंपिंग के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ. मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया. 


प्रश्नकाल के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने रायगढ़ में संचालित उद्योगों द्वारा उत्पन्न होने वाली फ्लाई ऐश और उसके निपटान का विवरण मांगा. उन्होंने साल 2023 से फरवरी 2026 तक अवैध डंपिंग के दर्ज मामलों और उन पर की गई कार्रवाई पर सवाल उठाए. 

विज्ञापन


पटेल ने आरोप लगाया कि रायगढ़ के बोतलदा और बानीपाथर जैसे गांवों में आज भी सड़कों के किनारे अवैध रूप से राखड़ फेंकी जा रही है और अधिकारी इस संबंध में गलत जानकारी दे रहे हैं.


विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि रायगढ़ जिले के 24 थर्मल पावर प्लांटों से निकलने वाली फ्लाई ऐश का उपयोग लैंड फिलिंग और माइन फिलिंग के लिए किया जा रहा है. 


उन्होंने सदन को सूचित किया कि 2023 से 4 फरवरी 2026 के बीच अवैध डंपिंग के 49 मामले दर्ज किए गए, जिनमें उल्लंघनकर्ताओं पर पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है. 


मंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार परिवहन नियमों के उल्लंघन पर पिछली कांग्रेस सरकार की तुलना में "दस गुना अधिक" कार्रवाई कर रही है. 


उन्होंने कहा कि 2021-22 और 2022-23 में कोई कार्रवाई नहीं की गई थी, जबकि अब आईडब्ल्यूएमएमएस (IWMMS) पोर्टल और नए एसओपी (SOP) के जरिए इसकी निगरानी की जा रही है. हालांकि, मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस सदस्यों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP