भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष पर चाचा ने लगाए गंभीर आरोप
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा पर उनके ही चाचा ने गंभीर आरोप लगाए हैं. यह आरोप एक पत्र के जरिए लगाए गए हैं जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पत्र के वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीतिक गरमा गई है.
बेमेतरा जिले के सिलहट निवासी राहुल टिकरिया के चाचा रविकांत टिकरिहा ने राहुल के कारण ही अपना परिवार बर्बाद होने का आरोप लगाया है.
उन्होंने अपने समाज के राज प्रधान को पत्र लिखते हुए राहुल पर कड़ी सामाजिक कार्रवाई करने की मांग की है.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि राहुल के राजनीतिक रसूख के कारण पुलिस ने थाने में दर्ज शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की है.
रविकांत ने पत्र में लिखा है कि उनका विवाह हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार साल 2015 में हुआ था. उनकी एक पुत्री भी है.
साल 2024 में परिवार न्यायालय द्वारा पत्नी के साथ उसका संबंध विच्छेद किया गया. जिसका मुख्य दोषी राहुल टिकरिहा है.
उसने पवित्र रिश्ता को कलंकित किया है. एक छोटी सी बच्ची को मां से अलग किया है.
उन्होंने समाज से ऐसे व्यक्ति को दंडित कर न्याय दिलाने की मांग की है. इस पत्र के वायरल होते ही यह पत्र सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
हालांकि इस संबंध में अभी तक राहुल टिकरिया का पक्ष सामने नहीं आया है. ना ही अब तक भाजपा या भाजयुमो द्वारा कुछ कहा गया है.
वहीं यह भी बताया जा रहा है कि मामला चार साल पुराना है. अब इसे राहुल को बदनाम करने के लिए उठाया जा रहा है. राहुल टिकरिया को कुछ दिन पहले ही भाजयुमो अध्यक्ष बनाया गया है.