दिल्ली-बिलासपुर फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान फटा टायर, 41 यात्री बाल-बाल बचे
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा होने से बच गया. दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट (9I613) जैसे ही रनवे पर उतरी, उसका बायां टायर अचानक फट गया. घटना के समय विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर सहित कुल 41 लोग सवार थे.
पायलट की त्वरित सूझबूझ और एयरपोर्ट की मुस्तैदी से विमान नियंत्रित रहा और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
सुबह करीब 11 बजे हुए इस हादसे के तुरंत बाद बिलासपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया. यात्रियों को रनवे से सुरक्षित टर्मिनल भवन ले जाया गया. इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है.
हालांकि, तकनीकी खराबी और सुरक्षा जांच के कारण बिलासपुर से आगे जाने वाली इस विमान की आगामी उड़ान को तुरंत रद्द कर दिया गया. फिलहाल एयरलाइन की ओर से विमान की जांच जारी है, जिससे टायर फटने के सटीक कारणों का पता चल सके.
उल्लेखनीय है कि 1996 में शुरू हुई एलायंस एयर देश के छोटे और क्षेत्रीय शहरों को प्रमुख महानगरों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती है. केंद्र सरकार की 'उड़ान' (UDAN) योजना के तहत यह एयरलाइन कम सेवा वाले हवाई अड्डों को कनेक्टिविटी प्रदान करती है. बिलासपुर एयरपोर्ट पर फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और विमान की तकनीकी स्थिति की समीक्षा की जा रही है.