शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिहार में चार दिनों में दो एएसआई की हत्या

C

CG Khabar

15 मार्च 2025, 06:14 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

एएसआई की हत्या
एएसआई की हत्या

पटना | डेस्क: बिहार के मुंगेर ज़िले में होली के दिन हंगामा रोकने गए एएसआई संतोष कुमार की हमले में मौत को लेकर राजनीति गरमा गई है. संतोष कुमार हुड़दंगियों को रोक रहे थे, उसी दौरान उन पर हमला किया गया.


इससे पहले बुधवार को अररिया ज़िले में भी एएसआई राजीव कुमार मल्ल की हत्या कर दी गई थी. लेकिन संतोष कुमार की हत्या के बाद बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.


बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा, "यह दुखद है. सरकार गंभीरता से कार्रवाई करेगी. अपराध और भ्रष्टाचार की मानसिकता को रोकना हम सभी की ज़िम्मेदारी है. इसी ज़िम्मेदारी के लिए भारतीय जनता पार्टी का एनडीए गठबंधन सुशासन के लिए सत्ता में आया है."


उन्होंने कहा "आज माफ़िया पर बहुत हद तक अंकुश लगा है. कुछ लोग सरकार को बदनाम करना चाहते हैं. ऐसे लोगों को चिह्नित करके जिस भाषा में वो समझें, प्रशासन उनको समझाए."


मुंगेर ज़िले के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि एएसआई संतोष कुमार और उनकी टीम होली के दिन हुए एक विवाद को शांत कराने गई थी. जब वह मौके पर थे, उसी दौरान रणवीर कुमार और उनके परिजनों ने संतोष कुमार पर हमला कर दिया.


पुलिस अधीक्षक के अनुसार पुलिस हेल्प लाइन नंबर 112 पर सूचना मिली कि नंदलालपुर गांव में रणवीर कुमार का परिवार शराब पीकर हंगामा कर रहा है.सूचना के सत्यापन के लिए एएसआई संतोष कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके़ पर पहुंचे थे. मौके पर पहुंचने पर रणवीर कुमार नाम के एक व्यक्ति और उनके पूरे परिवार ने एकजुट होकर इन पर हमला कर दिया.


पुलिस के अनुसार इस मामले में सात नामजद अभियुक्त हैं. इस हमले के लिए जिम्मेवार 4 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.  इनमें से एक गुड्डू यादव को एएसआई संतोष सिंह की हत्या का मुख्य अभियुक्त बताया जा रहा है.


इस हमले में घायल संतोष कुमार को ज़िला अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना भेजा गया. लेकिन उनकी मौत हो गई.


संतोष कुमार का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने कहा कि एएसआई संतोष कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी थी.


मुंगेर सदर अस्पताल के डिप्टी सुप्रीटेंडेंट डॉ. रमन कुमार के अनुसार उनके सर पर चार टाकें लगे थे. सिर का एक हिस्सा खुला हुआ था, जिससे उनके दिमाग का हिस्सा बाहर आ गया था. शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP