शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

त्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया

C

CG Khabar

21 मई 2026, 09:04 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

त्विशा शर्मा
त्विशा शर्मा

भोपाल । डेस्क: पूर्व मॉडल त्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पति समर्थ सिंह ने अब अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ में अंतरिम जमानत याचिका दायर की है. भोपाल की एक जिला अदालत से पहले ही जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी ने यह कदम उठाया है. 


फिलहाल हाईकोर्ट की वेबसाइट पर यह मामला लंबित दिख रहा है और इस पर कोई आदेश पारित नहीं हुआ है.


दूसरी तरफ, भोपाल पुलिस ने आरोपी समर्थ सिंह पर शिकंजा और कस दिया है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को दिए जाने वाले इनाम की राशि को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये कर दिया है. 


इसके साथ ही, आरोपी के देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया है. भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए छह अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. 


पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि यदि इस मामले से जुड़ा कोई भी दस्तावेज या वीडियो किसी के पास हो, तो वह पुलिस से साझा करे.


गौरतलब है कि 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में त्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था, जिसके बाद एम्स भोपाल में हुए पोस्टमार्टम में मौत की वजह बेल्ट से फांसी लगाने के कारण आत्महत्या बताई गई है. 


मृतका के परिवार ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह पर दहेज उत्पीड़न और क्रूरता के गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले की सह-आरोपी और समर्थ की मां गिरिबाला सिंह (जो भोपाल की सेवानिवृत्त प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज हैं) को जिला अदालत से अंतरिम जमानत मिल चुकी है, जिसे अब पीड़ित परिवार हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहा है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP