शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ईरान को ट्रंप की धमकी: 'आज रात खत्म हो जाएगी पूरी सभ्यता'

C

CG Khabar

07 अप्रै. 2026, 01:39 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

Donald Trump
Donald Trump

नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 'सभ्यता के अंत' की सीधी चेतावनी देते हुए एक बेहद सख्त अल्टीमेटम जारी किया है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत नहीं खोला गया, तो "आज रात एक पूरी सभ्यता मर जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा." ट्रंप ने इसे दुनिया के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि 47 वर्षों की जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का खेल अब खत्म होने वाला है. 


उन्होंने ईरान में सत्ता परिवर्तन की ओर इशारा करते हुए उम्मीद जताई कि शायद अब वहां कुछ क्रांतिकारी और बेहतर हो सके.


यह तनावपूर्ण स्थिति तब पैदा हुई है जब मंगलवार को ईरान के रणनीतिक ठिकानों पर बड़े हमले की खबरें आईं. 


रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्य ईरान के काशान में एक प्रमुख रेलवे पुल (याह्या आबाद रेल ब्रिज) और खार्ग द्वीप पर स्थित ईरान के सबसे बड़े तेल निर्यात केंद्र को निशाना बनाया गया है. खार्ग द्वीप वही जगह है जहाँ से ईरान अपने तेल का एक बड़ा हिस्सा दुनिया को भेजता है. 


इससे पहले सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा था कि अगर तेहरान उनकी मांगों को नहीं मानता है, तो ईरान के पावर प्लांट और ब्रिजों को एक ही रात में पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा.


दूसरी ओर, हमलों के खतरे को देखते हुए ईरान ने भी जवाबी तैयारी शुरू कर दी है. 


ईरानी अधिकारी अलीरेजा रहीमी ने देश के युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे महत्वपूर्ण बिजली संयंत्रों के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाकर उन्हें बचाने के लिए एकत्र हों. 


उन्होंने इन बुनियादी ढांचों को 'राष्ट्रीय संपत्ति' बताते हुए लोगों से राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया है. फिलहाल, पूरी दुनिया की नजरें ईरान और अमेरिका के इस टकराव पर टिकी हैं, क्योंकि ट्रंप के बयान ने भीषण सैन्य कार्रवाई की आशंका बढ़ा दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP