ट्रंप का दावा वार्ता के लिए तैयार है नया ईरानी नेतृत्व
वॉशिंगटन । डेस्क: मध्य-पूर्व में जारी भारी तनाव और इजरायली-अमेरिकी हमलों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा किया है. इजरायल के यरुशलम पोस्ट के हवाले से खबर है कि 'द अटलांटिक' को दिए एक टेलीफोनिक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान का नया नेतृत्व अब वॉशिंगटन के साथ बातचीत की मेज पर आने को तैयार है.
यह बयान उन अपुष्ट खबरों के बीच आया है जिनमें ईरानी सरकारी मीडिया और इजरायली अधिकारियों के हवाले से सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की बात कही जा रही है. ट्रंप ने पुष्टि की कि वह ईरानी प्रतिनिधियों से बात करने के लिए सहमत हो गए हैं, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह बातचीत रविवार को होगी या सोमवार को.
ट्रंप ने इंटरव्यू के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि हालिया संपर्कों में शामिल कुछ ईरानी अधिकारी अब "जीवित नहीं" हैं. उन्होंने इन मौतों के लिए हाल के बड़े सैन्य हमलों को जिम्मेदार ठहराया.
गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल इस समय ईरान में 'शासन परिवर्तन' के उद्देश्य से एक व्यापक सैन्य अभियान चला रहे हैं.
दूसरी ओर, ईरान ने भी मिसाइल हमलों से पलटवार किया है, जिससे पूरे क्षेत्र में बड़े युद्ध का खतरा मंडरा रहा है. इस सैन्य कार्रवाई में अमेरिकी सेना को भी नुकसान उठाना पड़ा है. रविवार को सैन्य अधिकारियों ने पुष्टि की कि ऑपरेशन के दौरान तीन अमेरिकी सैनिक मारे गए और पांच गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जो इस संघर्ष में पहली सार्वजनिक अमेरिकी जनहानि है.