शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर में मालगाड़ी पर चढ़ी पैसेंजर ट्रेन, 8 की मौत

C

CG Khabar

04 नव. 2025, 11:49 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

बिलासपुर ट्रेन दुर्घटना
बिलासपुर ट्रेन दुर्घटना

बिलासपुर | संजीव पांडेय : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया. बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन के लाल खदान क्षेत्र में कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं.


ज़िले के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मौत की पुष्टि की है.

विज्ञापन


दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं. रेस्क्यू दल ने अब तक कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. हादसे में फँसे एक मासूम बच्चे को भी सुरक्षित बचा लिया गया है. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.


रेलवे प्रशासन ने तुरंत मेडिकल यूनिट और डिविजनल अधिकारियों को मौके पर भेजा. फिलहाल प्रभावित रूट पर रेल संचालन पूरी तरह रोक दिया गया है. कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को या तो रद्द कर दिया गया है या उनका मार्ग परिवर्तित किया गया है.


ज़िला कलेक्टर और एसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुँचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. हादसे में कोरबा पैसेंजर ट्रेन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है. महिला आरक्षित कोच से महिलाओं को निकालने का काम जारी है. 


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता.


इधर रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हादसे का सटीक कारण अभी अस्पष्ट है, लेकिन सीनियर जांच टीम मौके पर पहुंचकर हर पहलू की पड़ताल कर रही है. रेलवे सुरक्षा आयुक्त के नेतृत्व में विस्तृत जांच होगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.


प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए रेलवे ने तत्काल अनुग्रह राशि की घोषणा की है. मृतकों के आश्रितों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से जख्मी यात्रियों को 5 लाख तथा सामान्य घायलों को 1 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी. 


इसके अलावा, यात्रियों और उनके परिजनों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर सक्रिय कर दिए गए हैं: बिलासपुर (7777857335, 7869953330), चांपा (8085956528), रायगढ़ (9752485600), पेंड्रा रोड (8294730162), कोरबा (7869953330) तथा उसलापुर (7777857338). इन नंबरों पर संपर्क कर कोई भी व्यक्ति नवीनतम अपडेट हासिल कर सकता है. रेलवे ने आश्वासन दिया है कि राहत और पुनर्वास का काम निर्बाध जारी रहेगा.


इस दर्दनाक घटना पर राजनीतिक हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए जिला कलेक्टर को त्वरित सहायता के निर्देश दिए और कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है. राज्यपाल रमेन डेका ने मृतात्माओं को शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य की प्रार्थना की. 


केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए खुद स्थिति की निगरानी का वचन दिया. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मौतों की आशंका जताते हुए जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. पूरा प्रशासन इस संकट की घड़ी में एकजुट होकर प्रभावों को कम करने में लगा हुआ है.


बिलासपुर के पास ट्रेन दुर्घटना का समाचार अत्यंत दु:खद है।

बिलासपुर जिला कलेक्टर से जानकारी लेकर उन्हें हरसंभव सहायता और राहत कार्य संबंधित निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ है।

रेलवे और प्रशासन की टीमें तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट… pic.twitter.com/cZLJSnFvlU
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) November 4, 2025
यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP