शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में करंट से तीन लोगों की मौत

H

Hupendra Sharma

27 जुल. 2025, 02:41 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

करंट
करंट

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के अलग-अलग तीन जिलों में रविवार को बिजली करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई है. वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल है. उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है. उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है. तीनों घटनाएं सरगुजा, कोरबा और बिलासपुर जिले की हैं. 


सरगुजा में टीआई की मौत

सरगुजा जिले के सूर गांव में पति-पत्नी करंट की चपेट में आ गए. इस हादसे में पति की मौत हो गई. वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल है.


घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है. बताया गया कि मृतक राम साय पैकरा थाना प्रभारी है.


वर्तमान में उसकी पोस्टिंग जशपुर के नारायणपुर थाने में थी. वह छुट्टी पर घर आया था.


रविवार 27 जुलाई को घर में काम करते समय वह करंट की चपेट में आ गया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. 


कोरबा में डॉक्टर दंपति चिपके

कोरबा जिले में एक डॉक्टर दंपति हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गए. जिससे डॉक्टर की मौत गई. जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है.


मानिकपुर चौकी के दादर निवासी डॉ. कलीम रिजवी पत्नी डॉ. फिरदोस रिजवी के साथ अपने घर ही क्लीनिक चलाते थे.


रविवार को दोनों घर की छत पर साफ-सफाई कर रहे थे. इसी दौरान डॉ. कलीम एक लोहे का पाइप उठा रहे थे, जो अचानक 11 हजार केवी बिजली के तार से टकरा गया और वे करंट की चपेट में आ गए.


पति को बचाने के कोशिश में पत्नी भी करंट की चपेट में आ गई. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां कलीम रिजवी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पत्नी फिरदोस की हालत गंभीर है.  


बिलासपुर में सीढ़ी में आया करंट

इधर, बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र में श्यामू डाहिरे अपने घर की बिजली का केबल सुधरवा रहा था.


इलेक्ट्रीशियन काम कर रहा था. जबकि श्यामू नीचे लोहे की सीढ़ी पकड़े हुए खड़ा था. अचानक सीढ़ी में करंट दौड़ गया और वह चपेट में आ गया.


आसपास के लोगों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. श्यामू डाहिरे जीएस मोटर्स का कर्मचारी था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP