लाइबेरियाई छात्र की मौत के मामले में 3 विदेशी छात्र गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर के सेक्टर-16 में कलिंगा यूनिवर्सिटी के एक विदेशी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन अन्य विदेशी छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मृतक की पहचान लाइबेरिया निवासी सैम पोर जुडे (28) के रूप में हुई है, जो कलिंगा यूनिवर्सिटी में एमबीए का छात्र था.
पुलिस के अनुसार, यह घटना एक विवाद से शुरू हुई थी. बताया जा रहा है कि सैम का एक विदेशी महिला से झगड़ा हुआ था, जिसने उस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था.
विवाद बढ़ने पर महिला ने अपने तीन दोस्तों को मौके पर बुला लिया. एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि जब तीनों आरोपी वहां पहुंचे, तो उनमें से एक पत्थर लेकर सैम को डराने के लिए उसकी ओर दौड़ा. घबराहट और डर के मारे सैम छत की ओर भागा और चौथी मंजिल से नीचे कूद गया.
इस हादसे में सैम के सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में दक्षिण सूडान के रहने वाले तीन छात्रों नोउई कुर मजाक, साबरी पालिनो उर्फ टोनी और खलफल्ला उमर हसन को गिरफ्तार किया है.
इन तीनों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.