रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर में चोरों के हौसले बुलंद

छत्तीसगढ़ जगदलपुर में बेखौफ चोर चोरी को दे रहे अंजाम

C

CG Khabar

20 फ़र. 2025, 12:26 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

जगदलपुर में चोरों के हैसले बुलंद
जगदलपुर में चोरों के हैसले बुलंद

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पिछले तीन दिनों में शहर के अलग-अलग रिहायशी इलाकों में चोरी की घटनाएं घट रही हैं.


सूने मकानों को निशाना बना रहे चोर नगदी के साथ ही लाखों रुपये का सामान भी पार कर रहे हैं. 

विज्ञापन


कहा जा रहा है कि जगदलपुर में पिछले कुछ दिनों से एक चोर गिरोह पूरी तरह से सक्रिय है और सूने मकानों को टारगेट बनाकर एक के बाद एक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है. 


दो दिन पहले ही शहर की रिहायशी कॉलोनी सनसिटी में एक सूने मकान में चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों रुपए नगद और कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया. 


वहीं बुधवार की देर रात सनसिटी कॉलोनी से लगे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के चार ब्लॉक के अलग-अलग 5 मकानो में चोर गिरोह ने डाका डाला. सभी सूने मकानों के ताले तोड़कर यहां से भी लाखों रुपए के सामान पार कर दिए. 


हालांकि कॉलोनी में लगे सीसीटीवी में इन चोरों की तस्वीर कैद हो गई है, लेकिन इस चोर गिरोह के सदस्य अपने चेहरों को नकाब से ढके हुए हैं. 


बताया जा रहा है कि इस गिरोह में 4 से 5 युवा हैं और इन्हीं के द्वारा लगातार शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है.

 

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर इन मकानों से चोरी गये सामानों और नगद राशि का आकलन कर रही है.

 

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से इस चोर गिरोह का जल्द ही पर्दाफाश करने का दावा कर रही है. 

 

लेकिन पिछले तीन दिनों से लगातार एक के बाद एक चोरी की वारदात होने से पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी और रात्रि गश्त पर भी जगदलपुर शहर की जनता सवाल उठा रही है.


खास बात यह है कि कोतवाली थाना क्षेत्र में ही सभी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है और अब तक कोतवाली पुलिस इस गिरोह के एक भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं कर सकी है.


कोतवाली थाना प्रभारी शिवानंद सिंह कहते हैं कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि चोरों ने 5 मकानों से नगद करीब 6 से 7 लाख रुपये और लाखों रुपये के कीमती सामान को गायब कर दिया है.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP