बारिश थमने से बड़ी उमस, अगले 5 दिन बस्तर में बारिश
बारिश थमने से बड़ी उमस
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मानसून की रफ्तार में कमी आई है. पिछले सप्ताह भर से बारिश नहीं होने से एक बार फिर उमस बढ़ने लगी है. इस दौरान कहीं-कहीं पर खंड वर्षा के रूप में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. उसके बाद बीच-बीच में तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं
तापमान भी 34-35 डिग्री सेल्सियस के आस-पास पहुंच गया है. शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया.
इधर मौसम विभाग ने अगले 5 दिन बस्तर संभाग के जिलों में बारिश की संभावना जताई है. संभाग के 7 जिले, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और बस्तर में बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा बाकी अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा. मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ ही स्थानों पर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक इस साल एक जून से 15 जुलाई तक 373.6 मि.मी. औसत बारिश हो चुकी है.
प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 567.4 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है.
बेमेतरा जिले में सबसे कम 181.7 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है. वहीं पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के सभी संभागों में अनेक स्थानों पर मध्यम बारिश हुई है.
इस दौरान बसे ज्यादा कोरिया जिले में 153 मिमी पानी गिरा है.