शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर में सूटकेस में मिली युवक की लाश

H

Hupendra Sharma

23 जून 2025, 02:50 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सूटकेस में लाश
सूटकेस में लाश

रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के इंद्रप्रस्थ इलाके में सूटकेस के अंदर लाश मिलने से हड़कंप मच गया.


शव को सूटकेस में डालकर सीमेंट से पूरी तरह से भर दिया गया था. फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है.


घटना रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र की है. सोमवार दोपहर को इंद्रप्रस्थ के वंडरलैंड वाटर पार्क के पास सुनसान इलाके में एक बड़ी पेटी संदिग्ध हालात में पड़ी मिली. वहां से गुजर रहे लोगों को शक हुआ, तो पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.


पुलिस ने पेटी को खोला तो उसके अंदर एक सूटकेस था. जब पुलिस ने सूटकेस खोल कर देखा तो अंदर एक युवक का शव मिला. जिसे बुरी तरह मोड़कर डाला गया था. उसके पैर बंधे हुए थे.


पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में शव लगभग 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है.


कॉलोनी और आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. घटना के बाद से ही इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के आस-पास दहशत का माहौल है. 


घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली.


उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है. भाजपा की डबल इंजन की सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक है. 


उन्होंने कहा कि गृहमंत्री बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन आज एक भी व्यक्ति यहां पर सुरक्षित नहीं है. कोई अकेले कहीं नहीं जा सकता है. अभी तक युवक की शिनाख्त भी नहीं हो पाई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP