शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ठाणे आश्रमशाला मामला: 22 छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोपी रसोइया गिरफ्तार

C

CG Khabar

29 अग. 2026, 08:41 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

रेप
रेप

मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र के ठाणे जिले स्थित शहापुर तालुका के टेंभा सरकारी आदिवासी आश्रमशाला में 22 नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी रसोइये के सहायक गणपति गवली (35) को गिरफ्तार कर लिया है. ठाणे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


यह पूरी घटना तब उजागर हुई जब 24 अगस्त को 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. छात्रा ने आरोप लगाया कि गवली ने उसे अकेला पाकर जबरन छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का प्रयास किया. 


इसके बाद जब जांच शुरू हुई, तो स्कूल की 21 अन्य छात्राओं ने भी आरोपी के अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की शिकायत की, जिससे पीड़ित छात्राओं की संख्या बढ़कर 22 हो गई. इसके बाद 26 अगस्त को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.


एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना (ITDP) की अधिकारी तेजस्विनी आर. गलांडे के अनुसार, आरोपी गणपति गवली एक आदतन अपराधी है. वर्ष 2024 में भी अघई स्थित एक अन्य आश्रमशाला में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था और उसे जेल भेजा गया था. 


जमानत पर बाहर आने के बाद उसे मुरबाड के मोरोशी आश्रमशाला भेजा गया और फिर वहां से टेंभा आश्रमशाला में रसोइये के सहायक के रूप में नियुक्त कर दिया गया. 


इस वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस अब इस बिंदु की गहन जांच कर रही है कि आपराधिक रिकॉर्ड और निलंबन के बावजूद उसे दोबारा आश्रमशाला में नियुक्ति किसने और क्यों दी थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP