MP: क्लासरूम में छात्रा से पैर दबवाती दिखी शिक्षिका, वीडियो वायरल
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक शिक्षिका का शर्मनाक रवैया सामने आया है. महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल की एक शिक्षिका का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह क्लासरूम में कुर्सी पर पैर रखकर एक छात्र से अपने पैर दबवा रही हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि शिक्षिका आराम से कुर्सी पर बैठी हैं और एक छात्र उनके पैरों की मालिश कर रहा है. वीडियो बनाने का एहसास होने पर शिक्षिका ने तुरंत अपने पैर हटा लिए.
यह भी पता चला है कि जिस क्लास में यह घटना हुई, वहां छात्रों के लिए बैठने के लिए कोई बेंच नहीं है और वे फर्श पर बैठकर पढ़ाई करते हैं, जबकि शिक्षकों के लिए कुर्सियां और मेज उपलब्ध हैं.
इस घटना के सामने आने के बाद, जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं.
शिक्षिका ने अपने बचाव में कहा कि उनके पैर में दर्द था और छात्र केवल यह देखने आया था कि क्या हुआ है.
हालांकि, लोग इस घटना को लेकर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं.