तमनार: हाथी शावक का मिला शव, वन विभाग ने शुरू की पोस्टमार्टम की प्रक्रिया
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले अंतर्गत तमनार वन परिक्षेत्र में छैडोरिया गांव स्थित एक तालाब में बुधवार की सुबह एक हाथी के नवजात शावक का शव बरामद हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया.
अधिकारियों के शुरुआती आकलन के अनुसार, पानी में डूबने की वजह से शावक की जान गई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
घटनाक्रम के संबंध में रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा एसडीओ आशुतोष मंडावा ने बताया कि क्षेत्र में पिछले काफी समय से करीब 51 हाथियों का एक बड़ा झुंड लगातार सक्रिय था. इसी दल में इस शावक का जन्म हाल ही में हुआ था.
आशंका व्यक्त की जा रही है कि मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हाथियों का यह कुनबा प्यास बुझाने के लिए तालाब के पास पहुंचा होगा, जहां गहरे पानी में जाने के कारण यह हादसा हो गया.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, हाथियों का यह दल सामारूमा-अमलीडीह मार्ग के आसपास के जंगलों में डेरा डाले हुए है. यह झुंड दिन के समय घने जंगलों में विश्राम करता है और शाम ढलते ही भोजन-पानी की तलाश में रिहायशी इलाकों व सड़कों की तरफ रुख करता है.
फिलहाल वन अमले ने शव को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक व चिकित्सीय कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की स्पष्टता हो सके.