शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

शुभेंदु अधिकारी का दावा: PA हत्याकांड में 2 करोड़ रुपये की सुपारी

C

CG Khabar

15 सित. 2026, 02:33 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान सियासी हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ राठ की हत्या को लेकर एक बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया है कि इस हत्याकांड के लिए 2 करोड़ रुपये की 'सुपारी' दी गई थी.


मंगलवार को नंदग्राम में बीजेपी उम्मीदवार और मृतक चंद्रनाथ राठ की मां हासीरानी राठ के समर्थन में आयोजित एक रोडशो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने यह आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ की हत्या इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनकी मदद की थी. 


अधिकारी ने इस हत्या के पीछे सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से जुड़े 'भाईपो गैंग' का हाथ होने का आरोप लगाया.


शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनके पास मौजूद जानकारी और डायमंड हार्बर से जुड़े कई कॉल रिकॉर्डिंग इस बात की पुष्टि करते हैं कि शूटरों को इस ठेके के लिए भारी रकम दी गई थी. हालांकि, मामला अदालत के अधीन होने के कारण उन्होंने विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया.


गौरतलब है कि चंद्रनाथ राठ की 6 मई, 2026 को कोलकाता के पास मध्यमग्राम में अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है, जिसने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल कर दी है. मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि जांच एजेंसी के जरिए सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा और फांसी की सजा मिलेगी.


यह उपचुनाव उस समय अनिवार्य हुआ जब शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट खाली कर भवानीपुर सीट को बरकरार रखा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP