रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरगुजा: आकाशीय बिजली से दो मासूमों समेत तीन की मौत

C

CG Khabar

30 जून 2026, 03:08 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

करेंट से मौत
करेंट से मौत

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में सोमवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. तेज हवाओं के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश के बीच धौरपुर थाना इलाके के डुमकी गांव में एक बड़ा हादसा हो गया. यहाँ पेड़ पर बिजली गिरने की चपेट में आने से दो बच्चों और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई है. 


घायल बच्ची को तत्काल इलाज के लिए धौरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत को खतरे से बाहर बताया है.

विज्ञापन


यह दुखद घटना उस वक्त हुई जब डुमकी गांव में तीन बच्चे पेड़ के नीचे गिर रहे आमों को बीनने के लिए इकट्ठा हुए थे. इसी दौरान वहां मवेशी चरा रहा एक युवक भी बारिश से बचने का सहारा ढूंढते हुए उसी पेड़ के नीचे आकर खड़ा हो गया. 


तभी अचानक कड़कड़ाती हुई आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर आ गिरी. इस वज्रपात में 5 वर्षीय सागर, 9 वर्षीय रानी और 36 वर्षीय राम साय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. 


वहीं सागर की 12 साल की बड़ी बहन श्रद्धा इस हादसे में झुलस गई. मृतकों में शामिल बच्ची रानी बलरामपुर के डबरा ग्राम की रहने वाली थी, जो अपने रिश्तेदारों के घर धौरपुर आई हुई थी. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.


मौसम विभाग की मानें तो सरगुजा संभाग में मानसून के दस्तक देने के हफ्ते भर बाद भी कई हिस्सों में सूखा और उमस का माहौल बना हुआ था, जिससे लोग बेहाल थे. 


हालांकि, सोमवार को उदयपुर, लखनपुर, लुंड्रा और बतौली सहित कई ग्रामीण इलाकों में मौसम ने करवट ली और गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ीं. 


मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि 30 जून को भी सरगुजा के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो सकती है, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने और मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय होने की उम्मीद है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP