शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सुकमा: जंगल से नक्सली हथियार और विस्फोटक बरामद

C

CG Khabar

06 जून 2026, 10:44 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

नक्सली डंप
नक्सली डंप

सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. किस्टाराम इलाके के कुम्माडोंग जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने नक्सलियों द्वारा भारी मात्रा में छिपाकर रखे गए हथियारों, कारतूसों और विस्फोटक सामग्री का एक बड़ा जखीरा (डंप) बरामद किया है. 


बरामद सामानों में सबसे प्रमुख एक इंसास रायफल है. पुलिस का अनुमान है कि नक्सली संगठन ने इन हथियारों और विस्फोटकों को आने वाले समय में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने या किसी बड़ी हिंसक वारदात को अंजाम देने के मकसद से छुपाया था, जिसे मुस्तैद जवानों ने नाकाम कर दिया.


इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी की अहम भूमिका रही. आत्मसमर्पित नक्सलियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुम्माडोंग के जंगलों में हथियारों का बड़ा स्टॉक छिपाया गया है. 


इसके तुरंत बाद जवानों की एक विशेष टीम ने चिन्हित इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. सघन तलाशी के दौरान पहाड़ी क्षेत्र में एक संदिग्ध ठिकाने का पता चला. 


सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन करते हुए जब वहां खोजी अभियान चलाया गया, तो नक्सलियों का छुपाया हुआ डंप बरामद हो गया. फिलहाल क्षेत्र में लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है.


सर्च टीम को मौके से जो घातक सामग्रियां मिली हैं, उनमें इंसास रायफल के अलावा 49 इंसास कारतूस, 12 एसएलआर कारतूस, 27 नग .303 कारतूस, 16 नग 8 एमएम कारतूस, 7 मस्केट कारतूस और 7 नग 12 बोर के कारतूस शामिल हैं. 


इनके साथ ही तीन इंसास मैग्जीन, एक पोच, एक स्टील का डिब्बा, 6 वायरलेस सेल और लगभग 30 मीटर लंबा दो बंडल कॉर्डेक्स वायर भी जब्त किया गया है. पुलिस ने सभी सामग्रियों को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP