रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सुकमा: 12वीं की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

C

CG Khabar

06 फ़र. 2026, 07:31 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शव
शव

सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक 17 वर्षीय स्कूली छात्रा की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. छिंदगढ़ ब्लॉक की रहने वाली इस किशोरी का शव सुकमा मुख्यालय से महज छह किलोमीटर दूर मुरपाल मार्ग के पास बरामद किया गया. मृतका के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.


मृतका कक्षा 12वीं की छात्रा थी, जो कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में शामिल होने का कहकर घर से निकली थी. जब वह वापस नहीं लौटी, तो उसकी तलाश शुरू हुई, लेकिन उसका शव संदिग्ध हालत में सड़क किनारे मिला. परिजनों का कहना है कि जिस स्थान और स्थिति में शव मिला है, वह किसी साधारण हादसे की ओर इशारा नहीं करता. उन्होंने स्पष्ट रूप से इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है.

विज्ञापन


शुक्रवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए मृतका के परिवार ने पुलिस विभाग पर कई गंभीर आरोप लगाए. परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई.


इसके अलावा परिवार का आरोप है कि पुलिस थाने के चक्कर काटने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में अनावश्यक देरी की गई. परिजनों ने यह आशंका भी जताई है कि मामले की गंभीरता को कम करने और इसे दूसरा मोड़ देने का प्रयास किया जा रहा है.


वर्तमान में पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का दावा है कि वे हर पहलू को बारीकी से देख रहे हैं, जबकि स्थानीय समुदाय में इस घटना और पुलिस की सुस्त कार्रवाई को लेकर गहरा आक्रोश है.


पीड़ित परिवार का कहना है कि "हमें न्याय चाहिए. हमारी बेटी के साथ जो हुआ वह दुर्घटना नहीं है. पुलिस दोषियों को बचाने के बजाय निष्पक्ष जांच करे." 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP