सुशांत राजपूत मौत : जी न्यूज के सुभाष चंद्रा ने मांगी माफ़ी
नई दिल्ली | डेस्क: फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में रिया चक्रवर्ती के ख़िलाफ़ लगातार एकतरफा, भ्रामक, मनगढ़ंत और अश्लील ख़बरें चलाने के बाद जी न्यूज़ ने माफ़ी मांगी है. पूर्व राज्यसभा सांसद और ज़ी न्यूज़ के संस्थापक सुभाष चंद्रा ने कहा कि ज़ी न्यूज़ के मेंटर के तौर पर वो रिया चक्रवर्ती से माफ़ी मांगते हैं.
गौरतलब है कि 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मुंबई के बांद्रा स्थित घर पर मृत पाए गए थे.
सुशांत सिंह राजपूत मामले में सीबीआई की क्लोज़र रिपोर्ट में किसी साज़िश से इनकार किया गया है. जबकि जी न्यूज़ समेत अधिकांश टीवी चैनल इस मामले में तरह-तरह की मनगढ़ंत कहानियां चलाते रहे हैं.
लेकिन अब क्लोज़र रिपोर्ट के बाद सुभाष चंद्रा ने इस मामले में साहस दिखाते हुए रिया चक्रवर्ती से माफ़ी मांगी है.
सुभाष चंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "सुशांत सिंह राजपूत के मामले में सीबीआई ने क्लोज़र रिपोर्ट फ़ाइल की है. मेरा ये मानना है कि सबूतों के अभाव के कारण ऐसा हुआ है. जिसका मतलब ये है कि कोई केस नहीं बनता है."
उन्होंने लिखा- "पीछे मुड़कर देखने पर मुझे ऐसा लगता है कि मीडिया ने रिया चक्रवर्ती को दोषी बनाया जिसका नेतृत्व ज़ी न्यूज़ का एडिटर और रिपोर्टर्स कर रहे थे और बाक़ी मीडिया ने भी ज़ी न्यूज़ को फ़ॉलो किया."
सुभाष चंद्रा ने लिखा "ज़ी न्यूज़ के मेंटर के रूप में मैं उन्हें सलाह देता हूं कि वो बहादुरी दिखाते हुए माफ़ी मांगे. मैं रिया से मांफ़ी मांगता हूं भले ही इसमें मेरी कोई भूमिका ना हो."