बीजापुर में छात्रावास में छात्र की मौत, विधायक ने जताई नाराजगी
बीजापुर । संवाददाता: बीजापुर जिले के जांगला स्थित बालक छात्रावास में कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले एक आदिवासी छात्र की असामयिक मृत्यु ने आश्रम-छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस दुखद घटना पर स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष जताया है. उन्होंने कहा कि दूर-दराज के इलाकों से आकर इन हॉस्टलों में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी सरकार की होती है.
इस घटना के बाद विधायक ने आश्रम-छात्रावासों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए शासन से तत्काल कठोर कदम उठाने की मांग की है.
उन्होंने जोर देकर कहा कि आवासीय परिसरों में नियमित निगरानी, बच्चों को पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलनी चाहिए. किसी भी बच्चे के बीमार पड़ने पर इलाज में थोड़ी भी देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके.
विधायक विक्रम ने आरोप लगाया कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों के छात्रावासों में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर मौजूदा सरकार अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है. उन्होंने मृतक छात्र के पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य के लिए एक ठोस सुरक्षा ढांचा तैयार करने की अपील की है.