नक्सलवाद उन्मूलन वाले ज़िलों में 'विशेष' दिवाली: पीएम मोदी का राष्ट्र को पत्र
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को एक खुला पत्र लिखा है. जिसमें उन्होंने इस वर्ष की दिवाली को उन ज़िलों के लिए 'विशेष' बताया है जहाँ से नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद का सफ़ाया किया गया है.
मंगलवार 21 अक्टूबर, 2025 को लिखे गए अपने पत्र में, प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि को राष्ट्र के लिए एक 'बड़ी सफलता' क़रार दिया. उन्होंने कहा कि पहली बार देश के कई दूर-दराज के क्षेत्रों और ज़िलों में दीये जलाए जाएँगे, जहाँ नक्सलवाद को जड़ से मिटा दिया गया है.
प्रधानमंत्री ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि हाल के दिनों में कई लोगों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर देश के संविधान में विश्वास व्यक्त करते हुए विकास की मुख्यधारा को अपनाया है.
मोदी ने पत्र में 'ऑपरेशन सिंदूर' का भी उल्लेख किया और इसे भगवान राम की शिक्षाओं 'धर्म को बनाए रखने' और 'अन्याय से लड़ने' का एक 'जीवंत उदाहरण' बताया.