स्टॉप डैम के पास धसी मिट्टी, ग्रामीण लापता
स्टॉप डैम के पास मिट्टी धसने से एक ग्रामीण लापता हो गया है
महासमुंद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के रक्सा गांव में स्टॉप डैम के पास अचानक मिट्टी धंसने से वहां खड़ा ग्रामीण मिट्टी में दब गया. 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ग्रामीण का कोई सुराग नहीं मिला है.
एनडीआरएफ की टीम और गोताखोर खोजबीन में लगे हुए हैं, लेकिन कुछ पता नहीं चल रहा है. घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव और चिंता का माहौल है.
वहीं बिलासपुर में नाले के तेज बहाव में बहने से एक छात्र की मौत हो गई.
ग्राम रक्सा निवासी शोभा राम बुधवार की शाम नाले पर बने अस्थायी स्टॉप डैम पर खड़े थे.
इसी दौरान अचानक स्टॉप डैम के पास की मिट्टी धस गई. जिससे शोभाराम नाम का व्यक्ति मिट्टी के साथ नीचे धस गया. उसके बाद से वह लापता है.
बताया गया कि लगातार बारिश के चलते स्टॉप डैम के भीतर पानी का रिसाव हो रहा था. इसी के चलते मुरूम की सतह अचानक धस गई.
घटना के समय आसपास और लोग भी खड़े थे, जिन्होंने पूरी घटना को देखा. ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही सिंघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची. लापता ग्रामीण की तलाश के लिए ओडिशा से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया.
गोताखोरों ने भी नाले में उतरकर तलाश की, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली. घटना के बाद से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं.
सरायपाली एसडीएम नम्रता चौबे ने बताया कि लापता ग्रामीण के करीब 15 से 20 फीट गहराई में दबे होने की संभावना है. पानी के बहाव को रोकने की कोशिश की जा रही है. पोकलेन मशीन की मदद से मुरूम और मिट्टी को हटाने का काम किया जा रहा है.
बिलासपुर में नाले में बहा छात्र, मौत
इधर न्यायधानी बिलासपुर में उफनते नाले में बहने से एक 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. छात्र नाले के तेज बहाव में बह गया था.
आसपास खड़े लोगों ने छात्र को बचाने की कोशिश की, तब तक वह पानी के अंदर चला गया.
काफी देर बाद भी वह पानी से बाहर ही नहीं आया. गुरुवार की देर शाम उसकी लाश झाड़ियों के बीच मिली.
मृतक छात्रा रतनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था. वह अपने दोस्तों के साथ नाले में नहाने गया था.
नाले में बहाव तेज होने पर वह बह गया. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है.