सिक्किम सुरंग हादसा: भूस्खलन के बाद 10 मजदूरों की मौत
गंगटोक । डेस्क: सिक्किम के नामची जिले में समरडंग में एनएचपीसी तीस्ता स्टेज VI जलविद्युत परियोजना की एक निर्माणाधीन सुरंग पर भूस्खलन होने से 10 श्रमिकों की जान चली गई. हादसे के दौरान सुरंग के अंदर काम कर रहे 43 मजदूर फंस गए थे.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. बेहद चुनौतीपूर्ण और खतरनाक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है.
भूस्खलन के कारण सुरंग का मुख्य प्रवेश द्वार बंद हो गया था, जिससे मजदूर अंदर ही फंस हो गए. इस दौरान सुरंग के भीतर संदिग्ध गैस रिसाव की खबर ने बचाव कार्य को और जटिल बना दिया.
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गैस किसी पाइपलाइन से लीक हुई या चट्टानों के खिसकने से प्राकृतिक रूप से निकली. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बचावकर्मी गैस मास्क पहनकर सुरंग के अंदर दाखिल हुए और बाहर एम्बुलेंस तैनात रखी गईं. बचाए गए सभी श्रमिकों को तुरंत रंगपो के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर चिंता जताई है और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है.
पुलिस और बचाव दल सुरंग के अंदर फंसे अन्य बाकी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने के लिए रात-दिन रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं.