दक्षिण अफ्रीका के दो टाउनशिप में गोलीबारी, 27 की मौत, 20 घायल
नई दिल्ली । डेस्क: दक्षिण अफ्रीका के दो अलग-अलग टाउनशिप में भीषण गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की जान चली गई और 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात पहली घटना जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला के एक टैवर्न (शराबखाने) में हुई, जहां ए-के 47 राइफलों और पिस्तौल से लैस आठ नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं.
इस हमले में 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए.
हमलावरों ने गोलीबारी के दौरान लोगों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और दो वाहनों में आग लगाकर फरार हो गए.
दूसरी वारदात रविवार तड़के केप टाउन के पास लवांडले स्थित एक दुकान में घटी, जहां बंदूकधारियों की गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए.
यह हिंसा ऐसे समय में सामने आई है जब महज कुछ ही दिन पहले डरबन के पास एक हाउस पार्टी में हुई गोलीबारी में एक गर्भवती महिला समेत 11 लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया था.
दक्षिण अफ्रीका में लगातार बढ़ती गन-वायलेंस और हिंसक वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस की विशेष टीमें दोनों मामलों दर्ज कर अज्ञात हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं, हालांकि अभी तक हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है.