ग्रो बनी देश की सबसे बड़ी ब्रोकरेज फर्म
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों की पहली पसंद अब ग्रो (Groww) बन चुकी है. जिसने नितिन कामथ की जीरोधा (Zerodha) को पीछे छोड़कर देश की सबसे बड़ी ब्रोकरेज फर्म का खिताब हासिल किया है.
जून 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार, ग्रो के पास 125.80 लाख सक्रिय क्लाइंट्स हैं, जबकि जीरोधा 75.85 लाख क्लाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है. तीसरे नंबर पर एंजल वन (Angel One) है, जिसके 73.20 लाख सक्रिय क्लाइंट्स हैं.
ये आंकड़े दर्शाते हैं कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने निवेश को पहले से कहीं अधिक सरल और सुलभ बना दिया है, खासकर युवा निवेशकों के लिए.
ग्रो की सफलता के पीछे इसका यूजर-फ्रेंडली इंटरफेस, कम लागत वाली ब्रोकरेज सेवाएं, विविध निवेश विकल्प, आक्रामक मार्केटिंग, और टियर-2 व टियर-3 शहरों में मजबूत पकड़ जैसे कारक शामिल हैं.
ग्रो की स्थापना 2016 में ललित केशरे, हर्ष जैन, ईशान बंसल और नीरज सिंह ने की थी, जो सभी फ्लिपकार्ट के पूर्व कर्मचारी हैं.
इनके नेतृत्व में ग्रो ने न केवल बड़े शहरों बल्कि छोटे शहरों में भी अपनी पहुंच बनाई, जहां हिंदी और स्थानीय भाषाओं में सपोर्ट ने इसे और लोकप्रिय बनाया.
अन्य प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों में अपस्टॉक्स (25.71 लाख क्लाइंट्स), कोटक (14.57 लाख क्लाइंट्स), और मोतीलाल ओसवाल (9.97 लाख क्लाइंट्स) भी शीर्ष 10 की सूची में शामिल हैं.
ये आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि भारत में शेयर बाजार के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है, और आने वाले समय में यह और तेजी से बढ़ सकता है.