बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरा, 6 की मौत
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को आए भीषण तूफान के दौरान बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 6 लोगों के मरे जाने की आशंका है, जबकि कई अन्य लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं.
प्रभावित इलाके में युद्धस्तर पर बचाव और राहत कार्य चलाया जा रहा है ताकि मलबे में दबे लोगों को जल्द से बाहर निकाला जा सके.
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बेतवा नदी मध्य और उत्तर भारत की एक प्रमुख और ऐतिहासिक नदी है जो मध्य प्रदेश से निकलकर उत्तर प्रदेश में यमुना नदी में मिल जाती है. इसे बुंदेलखंड की जीवन रेखा भी माना जाता है.
महाभारत काल में इस नदी को 'वेत्रावती' नाम से जाना जाता था. यह उत्तर-पूर्व दिशा में बहती हुई मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश (झांसी, ललितपुर) से होकर गुजरती है.
इस नदी के किनारे कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल बसे हुए हैं, जिनमें सांची, विदिशा और ओरछा प्रमुख हैं. ओरछा में इसके प्राकृतिक दृश्य पर्यटकों को बहुत आकर्षित करते हैं.