शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

प्रिंसिपल और लेक्चरर के बीच धक्का-मुक्की, छात्रों के सामने तमाशा

C

CG Khabar

18 जून 2026, 02:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

कोरबा स्कूल
कोरबा स्कूल

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नए शिक्षा सत्र के पहले ही दिन एक सरकारी स्कूल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. पाली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नए सत्र के आगाज पर ही प्राचार्य मनोज सराफ और भौतिकी (फिजिक्स) के व्याख्याता प्रखर पांडेय के बीच जमकर विवाद हुआ. यह पूरी घटना स्कूल परिसर में मौजूद छात्र-छात्राओं के सामने हुई, जिससे वहां मौजूद बच्चे भी सन्न रह गए. 


दोनों के बीच तीखी बहस इस कदर बढ़ी कि गाली-गलौज के बाद बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई, जिसके बाद स्कूल के दूसरे शिक्षकों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला.

विज्ञापन


इस हाई-प्रोफाइल विवाद की गूंज फौरन प्रशासनिक गलियारों तक पहुंची, जिसके बाद जिला प्रशासन ने त्वरित एक्शन लिया है. 


पाली एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की और वहां मौजूद शिक्षकों व कर्मचारियों के अधिकारिक बयान दर्ज किए. 


फिलहाल पूरे मामले की एक शुरुआती जांच रिपोर्ट तैयार कर जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भेजी जा रही है, जिसमें स्कूल में हुई कथित फर्जी खरीदी और संधारण के आरोपों की गहराई से जांच करने की बात कही गई है. 


शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर सख्त और त्वरित अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का भरोसा दिया है.


दरअसल, इस बड़े विवाद के पीछे स्कूल की प्रयोगशाला सामग्री और फिजिक्स रजिस्टर के रख-रखाव से जुड़ा एक पुराना गतिरोध बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, पिछले कई महीनों से दोनों पक्षों में इस बात को लेकर खींचतान चल रही थी. 


आरोप है कि रजिस्टर में दर्ज कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं को सही साबित करने के लिए लेक्चरर पर लगातार दबाव डाला जा रहा था, जिसका उन्होंने पुरजोर विरोध किया. गर्मी की छुट्टियों के बाद जैसे ही स्कूल दोबारा खुला, तो यही सुलगता हुआ पुराना विवाद अचानक भड़क उठा और उसने एक बेहद शर्मनाक रूप ले लिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP