भिलाई: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, दो युवाओं की मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोसानाला टोल प्लाजा के पास बीती शनिवार देर रात एक भयानक सड़क दुर्घटना में दो युवकों को अपनी जान गंवानी पड़ी. रफ्तार का कहर इस कदर हावी था कि तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू हो गई और मार्ग किनारे स्थित पेड़ से सीधे जा टकराई. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि चार पहिया वाहन के परखच्चे उड़ गए.
दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान सेक्टर-4 निवासी प्रतीक ठाकुर और भास्कर कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह के नेतृत्व में पुलिस व यातायात टीम तत्काल मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टरों ने एक युवक को जांच के दौरान ही मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे गंभीर घायल ने रविवार दोपहर एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह वाहन की अत्यधिक गति और चालक द्वारा नियंत्रण खोना माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मर्ग कायम कर दुर्घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.
उल्लेखनीय है कि कोसानाला टोल प्लाजा का यह इलाका दुर्घटनाओं के लिहाज से बेहद खतरनाक साबित हो रहा है. हाल ही में 3 सितंबर को भी इसी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार रेलवे कर्मचारी की मौत हो चुकी है.