ट्रंप की मोदी को बधाई पर भिड़े संजय राउत और भाजपा
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 15 साल के शासन के अंत के बाद अब इस पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं को लेकर देश में नया सियासी संग्राम छिड़ गया है. शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई कथित बधाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसे लेकर भाजपा ने उन पर पलटवार करते हुए उन्हें "भारतीय राजनीति का जोकर" करार दिया है.
संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर राष्ट्रपति ट्रंप को टैग करते हुए एक विस्तृत पोस्ट साझा की. राउत ने बंगाल चुनाव को भारत के संघीय ढांचे का एक "आंतरिक मामला" बताते हुए कहा कि किसी भी बाहरी नेता द्वारा इस तरह का समर्थन "असामयिक और अनुचित" है.
उन्होंने अपने पोस्ट में तर्क दिया कि ये राज्य स्तर के चुनाव हैं और इनकी अपनी जटिलताएं हैं. राउत ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बंगाल में मतदान भय, डराने-धमकाने और प्रणालीगत दबाव के बीच संपन्न हुआ.
उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी उंगली उठाई और कहा कि केंद्रीय बलों की व्यापक तैनाती ने मतदाताओं में विश्वास के बजाय मजबूरी का माहौल पैदा किया.
राउत ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्होंने बधाई देने से पहले इन चिंताओं पर विचार किया था, क्योंकि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने के बारे में नहीं, बल्कि उनकी विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के बारे में है.
Dear President @realDonaldTrump
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) May 8, 2026
Greetings.
As a Member of Parliament from India, I write in response to reports of your congratulations to PM Narendra Modi on the West Bengal Assembly election results.
These are state-level elections-an internal matter of India’s federal…
दूसरी ओर, भाजपा ने राउत के इन बयानों को भारत की लोकतांत्रिक छवि को वैश्विक स्तर पर धूमिल करने की कोशिश करार दिया है. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक वीडियो संदेश जारी कर राउत और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला.
पूनावाला ने कहा कि जब भी चुनाव परिणाम विपक्ष के पक्ष में नहीं आते, वे संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करना शुरू कर देते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं ने घरेलू राजनीतिक लाभ के लिए विदेशों में भारत की छवि खराब करने की 'सुपारी' ले रखी है.
भाजपा नेता ने कहा कि जहां एक ओर पूरी दुनिया भारतीय लोकतंत्र की सराहना कर रही है, वहीं राउत जैसे नेता उन तथ्यों पर शिकायत कर रहे हैं जिनका कोई आधार नहीं है.
Sanjay Raut is a joker! 🤡
— Shehzad Jai Hind (Chowkidar as per INC ecosystem) (@Shehzad_Ind) May 8, 2026
Sanjay Raut Wrote an entire letter / long post on X to President Trump about “elections being rigged in Bengal”
Rahul Gandhi, Sanjay Raut - have some Supari contract to besmirch India’s image internationally to settle petty domestic scores ? pic.twitter.com/jthGw1fLu2
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता के अनुसार, ट्रंप ने मोदी को उनकी "ऐतिहासिक और निर्णायक" जीत के लिए बधाई दी थी. भाजपा ने इसे भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव के रूप में पेश किया है, जबकि विपक्ष इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बता रहा है.
फिलहाल, बंगाल और असम में मिली बड़ी जीत के बाद उपजा यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है और इसने एक बार फिर घरेलू राजनीति में विदेशी हस्तक्षेप की बहस को हवा दे दी है.