रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सक्ती: सिविल सर्जन रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

C

CG Khabar

25 जुल. 2026, 03:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

डॉ. संतोष पटेल
डॉ. संतोष पटेल

सक्ती । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला अस्पताल में पदस्थ प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि डॉक्टर पटेल अस्पताल के ही एक कर्मचारी से उसका वेतन संबंधी डेटा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय भेजने के एवज में यह रिश्वत मांग रहे थे.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता गंगा प्रसाद रत्नाकर, जो जिला अस्पताल में ग्रेड-2 फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं, का मूल पदस्थापना स्थल पोरथा स्थित सीएमएचओ कार्यालय है. उनका फरवरी 2026 से जून 2026 तक का वेतन डेटा लंबित था. 

विज्ञापन


इसे आगे की प्रक्रिया के लिए सीएमएचओ कार्यालय भेजने के बदले में सिविल सर्जन द्वारा प्रति माह ₹20,000 के हिसाब से कुल ₹1 लाख की मांग की जा रही थी.


परेशान होकर फार्मासिस्ट ने इसकी शिकायत एसीबी से की. एसीबी द्वारा गुप्त सत्यापन कराए जाने पर शिकायत प्राथमिक दृष्टि से सही पाई गई, जिसके बाद जाल बिछाया गया. रणनीति के तहत शिकायतकर्ता जब आरोपी डॉक्टर को पैसे देने पहुंचा, तब एसीबी की टीम ने दबिश देकर आरोपी को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया.


एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरोपी डॉक्टर संतोष कुमार पटेल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP