रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सागर शराब कांड: मौतों का आंकड़ा बढ़कर 12 हुआ, 14 आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

07 सित. 2026, 09:23 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

जेल
जेल

सागर । डेस्क: मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई त्रासदी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है. सोमवार तड़के एक और पीड़ित ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि लगभग 30 लोग अभी भी डॉक्टरों की देखरेख में हैं. इनमें से 2 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है. प्रशासन और पुलिस की टीमों ने इस घटना के बाद अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है.


यह मामला सागर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बांदा तहसील के दो गांवों का है, जहां रविवार को कथित तौर पर जहरीली शराब का सेवन करने से कई लोग बीमार पड़ गए थे. मरीजों में धुंधला दिखने, उल्टी, तेज सिरदर्द और चक्कर आने जैसे लक्षण देखे गए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रविवार को एक मरीज को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए भोपाल भेजा गया था.

विज्ञापन


मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों के परिजनों की शिकायतों के आधार पर तीन अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई हैं, जिनमें 30 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. 

सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने पुष्टि की कि नामजद 30 आरोपियों में से 14 को गिरफ्तार कर लिया गया है, और बाकी संदिग्धों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. आबकारी और राजस्व विभाग की टीमें गांव के प्रतिनिधियों के साथ घर-घर जाकर निरीक्षण कर रही हैं ताकि किसी के पास जहरीली शराब का स्टॉक न बचा हो.


सागर रेंज के डीआईजी शशिनद्र चौहान और कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, प्राथमिक जांच में इस शराब की आपूर्ति पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से होने के संकेत मिले हैं. पुलिस ललितपुर के अंतरराज्यीय गिरोह और स्थानीय शराब ठेकेदारों के बीच साठगांठ की कड़ी खंगाल रही है.


प्रशासनिक लापरवाही पर गाज गिरते हुए अधिकारियों ने तीन आबकारी अधिकारियों और दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. 


मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने नौराज गांव में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया. वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. दूसरी ओर, कांग्रेस नेता पी.सी. शर्मा ने इस घटना को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली और अवैध शराब नेटवर्क पर सवाल उठाए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP