रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे में रोड एक्सीडेंट, 7 की मौत, 15 घायल

C

CG Khabar

01 जुल. 2026, 02:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

दौसा । डेस्क: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर एक ट्रेलर से टकरा गई और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 7 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच कोलवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक रेस्ट एरिया के पास हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के खाई में गिरते ही उसके पिछले हिस्से में भीषण आग लग गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. 

विज्ञापन


दुर्घटना के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झटके के कारण स्लीपर बर्थ पर सो रहे लोग नीचे आ गिरे, जिससे महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए.


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, एम्बुलेंस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय निवासियों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तुरंत दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया. 


कुछ यात्रियों ने आग फैलने से पहले ही मुस्तैदी दिखाते हुए बस से कूदकर अपनी जान बचाई.


अस्पताल में भर्ती घायलों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया है. 


हादसे की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार और उप-खंड अधिकारी संजू मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को उचित इलाज के निर्देश दिए.


पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP