शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीमा के नाम पर ठगी, रिटार्यड बैंक मैनेजर से ठगे 20 लाख

बीमा के नाम पर रिटार्यड बैंक मैनेजर से 20 लाख की ठगी

H

Hupendra Sharma

16 जून 2025, 02:30 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

ठगी
ठगी

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर पुलिस ने बीमा के नाम पर 20 लाख की ठगी करने वाले अर्न्तराज्यीय साइबर ठग गिरोह के दो आरोपियों को नोएडा उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है.


गिरोह के सदस्यों ने खुद को एक फर्जी बीमा कंपनी आईआरडीआर का अधिकारी बताकर जगदलपुर निवासी रिटायर्ड बैंक मैनेजर आनंद राव देशमुख को झांसे में ले लिया. उन्होंने बंद पड़ी बीमा पॉलिसी का भुगतान दिलाने का लालच देकर अलग-अलग खातों में 20 लाख रुपये मंगवा लिए.


ठगी का अंदेशा होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर की टीम ने नोएडा में तीन दिन तक कैंप कर आरोपियों की तलाश की. टीम ने लवकुश और राहुल कुमार नाम के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से 7 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं.


बस्तर एसपी सलभ सिन्हा ने बताया कि आनंद राव देशमुख ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने साल 2015 में एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी ली थी.


एक महीने प्रीमियम की राशि जमा करने के बाद उन्होंने प्रीमियम की राशि भरना छोड़ दिया था. अचानक एक दिन उनके पास एक फोन आया और खुद को आईआरडीआर कंपनी का अधिकारी बताकर प्रीमियम को रिन्यू करने पर मैच्योरिटी की पूरी राशि मिलने का झांसा दिया.


उसके बाद देशमुख से इसे रिन्यू करने के नाम पर अलग-अलग खातों में राशि डलवाकर बीते 2 सालों में 20 लाख रुपए की ठगी कर ली. देशमुख ने ठगी का अंदेशा होने पर इसकी रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई. साइबर टीम ने मामले की छानबीन शुरू की.


नोएडा उत्तर प्रदेश से राहुल कुमार और लवकुश दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दोनों कॉल सेंटर में काम करते थे और वहीं से लोगों का डाटा चुराए.


उसके बाद जगदलपुर निवासी आनंद राव देशमुख को ठगी का शिकार बनाया.


फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के बैंक खाते से 9 लाख रुपये बैंक मैनेजर को वापस लौटा दिया है. शेष बची रकम की वसूली की जा रही है.

आरोपियों के खंगाले जा रहे पुराने रिकॉर्ड

बस्तर एसपी का कहना है कि आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है.


उनके गिरोह में और भी लोग सक्रिय हो सकते हैं. साथ ही गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के भी लोगों से ठगी की बात सामने आ रही है. इसकी भी पूरी जानकारी ली जा रही है.


उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड और पासबुक समेत कुछ और दस्तावेज जब्त किए हैं. दोनों ही आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और पिछले कुछ सालों से फेक कॉल कर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे. फिलहाल इनके पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP