शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दंतेवाड़ा में पूजा से लौट रही महिला से दरिंदगी के बाद हत्या

C

CG Khabar

03 अक्टू. 2025, 09:18 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

दरिंदगी
दरिंदगी

दंतेवाड़ा | संवाददाता: कोतवाली थाना क्षेत्र से एक बार फिर इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. दंतेवाड़ा जिले के कुंदेली गांव स्थित सीआरपीएफ कैंप के पास एक महिला के साथ पहले अनाचार किया गया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. महिला का शव जंगल में नग्न अवस्था में बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत फैल गई है.


जानकारी के अनुसार मृतका भांसी के मासापारा स्थित देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान रहकर पूजा-अर्चना कर रही थी. नवरात्रि समापन के बाद विजयादशमी के दिन वह अपने गांव कुंदेली लौट रही थी. इसी दौरान अज्ञात दरिंदों ने उसे रास्ते से पकड़कर जंगल की ओर घसीटा. महिला के शरीर पर जगह-जगह खरोंच के निशान मिले हैं, खासकर पीठ पर गहरे जख्म हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि उसे जबरदस्ती जंगल में ले जाया गया.

विज्ञापन


पुलिस को घटनास्थल से महिला का मोबाइल फोन भी मिला है, जो फ्लाइट मोड पर था. आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने उसकी लोकेशन छिपाने के लिए जानबूझकर फोन को फ्लाइट मोड में डाला.


घटना की जानकारी मिलते ही दंतेवाड़ा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास के ग्रामीणों और मंदिर से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है, हालांकि अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की दिशा और साफ होगी.


इस जघन्य अपराध ने न सिर्फ ग्रामीणों बल्कि सामाजिक व राजनीतिक संगठनों को भी झकझोर दिया है. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के जिला सचिव व जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र सोरी ने कहा कि बस्तर में पहले इस तरह की घटनाएं देखने को नहीं मिलती थीं, लेकिन हाल के दिनों में बर्बर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं. उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो सीपीआई उग्र आंदोलन करेगी.


ग्रामीणों का भी कहना है कि सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP